Pages

Thursday, June 17, 2021

क्रिकेट - 3

१९७० का दशक भारतीय क्रिकेट के लिए आन्दोनाल्त्मक था. जैसिम्हा का एक संस्मरण याद आ रहा है. जैसिम्हा शायद बैंक में किसी छोटी नौकरी पर थे. उन्हं बॉम्बे में टेस्ट मैच खेलने के लिए ७ दिन की छुट्टी की मंजूरी मिली थी. वे सिकंदराबाद से बॉम्बे शाम को पहुंचे. ठहरने की कोई जगह न होने के कारण स्टेशन के निकट आज़ाद मैदान की बेंच पर सो गए. सुबह ६ बजे उन्हें एक संतरी ने उठाया. ब्रेबर्न स्टेडियम के रेस्ट रूम में नित्य क्रिया कर वे टीम की नेट प्रैक्टिस में शामिल हुए. उन्हें मालूम हुआ की ऐसा ही हश्र बाहर से आये हुए कुछ और खिलाड़ियों का भी हुआ था. उस समय किसी किसी के पास ही क्रिकेट का पूरा किट हुआ करता था. ज्यादातर सांझें में काम चलाया जाता था. १९७१ में वेस्ट इंडीज को उन्हीं के मैदान में हराने के बाद भारत ने फिर पीछे मुड़ कर नहीं देखा. ५० वर्ष बाद भारत विश्व क्रिकेट का मुखिया बन गया है और राष्ट्रीय  लेवल के खिलाड़ी सबसे समृद्ध हैं. 

भौतिकी में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद तत्काल मेरी नौकरी १९६९ में विश्व प्रसिद्द हैवी इंजीनियरिंग कारपोरेशन  में लग गयी. २२००० की मानवीय क्षमता वाले इस कारखाने का खेल जगत में भी नाम था. फुटबॉल में यह मोहन बगान से टक्कर लेता था , हॉकी में कई राष्ट्रीय किताब जीत रखे थे और क्रिकेट में अपने जिले के शिखर पर था. पहले से जमे हुए खिलाडिओं में पैठ लगाने में दिक्कत थी. एक बार कप्तान की अनुपस्थिति में मुझे फील्ड तय करने को मिला. ऑफ-स्पिन बोलिंग में मेरी फील्ड प्लेसमेंट में सुभाष सरकार  ने तुरत तीन विकेट झटक लिए. दरअसल, मेरे पास मशहूर ऑफ स्पिनर अलेक बेड्सर की लोकप्रिय किताब थी. इस किताब में बहुत सारे फील्ड प्लेसमेंट का बहुत अच्छा ब्यौरा था. कप्तान से पंगा मुझे महँगा पडा.

मेरे जैसे बहुत से फेंस सिटेर्स थे. उनमे प्रमुख नुपुर सरकार, सक्सेना, प्रदीप गुहा ठाकुरता, अनिल सारस्वत, और बाद में सुभाष सरकार प्रमुख थे. हमलोगों ने मिलकर एक क्लब बनाया. उसमें कॉलोनी में रहने वाले प्रतिभावान छात्रों को भी जगह दी. क्रिकेट की एक बहुत सुन्दर टीम का जन्म हुआ. मुझे सर्वसम्मति से कप्तान चुना गया.

हूमलोगों का पहला फॉर्मल मैच १९७१ में कारपोरेशन की टीम से हुआ. मैच मैट पर हुआ. क्रिकेट किट की खस्ताहाल हालत और स्टेडियम की विशालता के कारण हमलोगों में एक हीनता की महक तो थी ही साथ में कारपोरेशन टीम की व्यवयसायिक दक्षता के आगे हमलोगों ने तुरत घुटने टेक दिए.

इसके बाद हमलोगों ने एक बेहतर क्रिकेट किट तैयार की. यूनियन क्लब, रांची से सेकंड हैण्ड मैट खरीदी. जब भी समय मिलता हमलोग प्रैक्टिस करते. कम समय रहता तो मात्र फील्डिंग प्रैक्टिस करते. रविवार और छुट्टी के दिनों में दिन भर मशक्कत होती.

हमलोगों ने शहर के सबी नामी-गिरामी क्लब से मैच खेला. मैच एक-एक पाली का होता.ज्यादातर हमलोग जीतते. किसी-किसी मैच में मेरा आउटस्विंगर घातक साबित होता तो किसी में सरकार का ऑफ स्पिन. अनिल, ठाकुरता और सक्सेना हमेशा अच्छी बल्लेबाजी करते. हमारे क्लब के छात्र लड़के मैच के पहले प्रतिद्वंदी टीम की पूरी जानकारी लेकर आते- जैसे किस खिलाड़ी की क्या खूबी है और क्या कमी. कौन सा खिलाडी कूल है और कौन सा तुनक मिजाज़. प्रतिद्वंदी टीम की पिच पर खेलना ठीक रहेगा या नहीं; और भी ऐसी कई बातें जिसे आजकल कंप्यूटर बखूबी एनालिसिस करता है.

हमलोगों का क्रिकेट मैदान कॉलोनी के अन्दर बहुमंजिला अपार्टमेंट से घिरा था. इसलिए दर्शक दीर्घा खाली नहीं रहती थी. उनमें से कभी किसी-किसी को जोश आ जाया करता था. एक झा जी थे. हमेशा खैनी ठोकते रहते थे . जब भी कोई छका मरता उनकी गोल-गोल की अवाज़ सुनायी देती. एक बार उन्होंने ने भी खेलने की इच्छा जाहिर की. फील्डिंग में हमलोगों ने उन्हें लॉन्ग ऑफ पोजीशन पर  रख दिया. स्काई हाई कैच उनसे इसलिए छूट गया क्योंकि वे खैनी ठोक रहे थे. एक बार ढलती शाम को एक छः फूट का ४०-४५ की उम्र वाला व्यक्ति आया. उसने बड़े अधिकार से बल्ला पकड़ लिया. मैंने बड़े बेमन से एक गुड लेंग्थ फेंका. उसने बाउंड्री जड़ दी. मेरी हर भरपूर कोशिश को वह बात की बात में मैदान के बाहर भेजता रहा. उसके बाद उसने सभी गेंदबाजों को बेहाल कर दिया. हमलोगों को उसके ताप से गहराते अँधेरे ने बचाया. वह आंध्र प्रदेश का था. उसीने हमलोगों को मीट ऑफ़ द बैट कि तकनीक समझायी. आज भी उसकी जब भी याद आती है तो साथ में जैसिम्हा का चेहरा आ जाता है.

१९७४ में हमलोगों ने दुबारा कारपोरेशन की टीम के साथ मैच खेला. कारपोरेशन की टीम अब और ज्यादा सशक्त हो गयी थी.  टॉस जीतकर उन्हें बल्लेबाजी दी. इसका एक भयंकर कारण था. फुल मैट वर्षा के कारण बुरी तरह भींग गया था.हाफ मैट पर खेल हो रहा था. बीच पिच पर मैट को जमीन से बांधने वाली एक कील गीली जमीन होने के कारण ढीली थी. यही मैच का होनोलुलु होने वाला था. मैंने अपने तेज़ गेंदबाजों को ठीक वहीँ बाल डालने को कहा. बाल जब भी उस पाकेट पर गिरता वह पिच करने के बाद फिसलता हुए या तो विकेट पर जा लगता या पैड पर. देखते-देखते हमलोगों ने ५ विकेट झटक लिए. उसके बाद हमींलोगों ने संकेत किया की कील ढीली हो गयी है. उस जगह लकड़ी का टुकड़ा ठोककर दुबारे कील गाडी गयी. तबतक बहुत देर हो चुकी थी. कारपोरेशन की पूरी टीम १०७ रन पर धराशायी हो गयी. हमलोगों ने वह मैच ७ विकेट से जीता. अनिल ६१ रन बनाकर अविजित रहा. इस शर्मनाक हार का बदला लेने के लिए कारपोरेशन की टीम ने कितनी बार हमलोगों को न्योता भेजा.

विवाह के बाद १९७६ में मेरा वजन बढ़ गया था. एक बार एक मैच में, अपने प्रिय स्थान कवर पर फील्डिंग के दौरान न झुक पाने के कारण एक बाल छूट गया और बाउंड्री हो गयी. उस दिन मैंने क्रिकेट खेलने पर विराम लगा दिया.

रिटायरमेंट के वक्त मेरा बेटा एक अच्छा क्रिकेटर बन गया था. वह अपने स्कूल से खेलता था. वह महेंद्र सिंह धोनी से 2 वर्ष छोटा था. जाहिर है किसी वक्त दोनों एक ही मैदान में रहे होंगे. बाद में वह सैंटजेविएर्स कॉलेज से भी खेलने लगा था. घर के सामने वाले मैदान पर उसकी प्रैक्टिस में मैं भी शामिल होता रहता था. प्रैक्टिस के लिए कभी-कभी  मेरे बंगले के गेट से लेकर गैरेज तक ३० गज की लम्बाई और १० गज की चौडाई खेल की पट्टी होती. उम्र हो जाने के कारण मुझसे लेग स्पिन बोलिंग ही हो पाती थी.

३ वर्ष पहले तक मुझे जब भी मौका मिला मैंने आजमायीश नहीं छोड़ी. मेरा अंतिम खेला, मेरे दिवंगत छोटे भाई अलोक के फार्म पर हुआ. अलोक की स्क्वायर लेग की तरफ का ड्राइव और फ्लिक  देखने लायक था. मैं बस स्ट्रेट ड्राइव ही लगा पाया. आजकल, सामने के पार्क में किशोर टेनिस बाल से गली-क्रिकेट का आनंद उठाते हैं. मैं पार्क के लॉन्ग-आन पोजीशन वाली बेंच पर बैठता हूँ सिंगल हैण्ड कैच के इन्तजार मे. 


Thursday, May 13, 2021

क्रिकेट – 2 : (1958-1968)

१० वर्ष की उम्र पार करते-करते पटना के कदम कुआँ इलाके का एक विसश्विनीय क्रिकेट खिलाडी हो गया था.जिसे अब गली क्रिकेट कहा जाता है उसमें मेरा नाम होने लगा था. हमलोग कहीं भी खेल लेते. चाहे घर का कोर्टयार्ड हो अथवा गलियारा या खाली सड़क. २२ गज की जगह १६-१८ गज का पिच और टेनिस का बाल. पहले तो हमलोग लोकल बढ़ई के बनाये बल्ले और विकेट से खेलते थे. बाद में अलंकार ज्वेलर के मालिक का लड़का मोहन एक ५ नंबर का असली क्रिकेट बैट ले आया. मैं उससे स्ट्रैट ड्राइव, कट और ग्लांस तो कर लेता था पर भारी होने के कारण पुल या हुक शॉट नही लगा पाता. मैं कद काठी से बहुत ही गरीब था : पौने पांच फीट की ऊंचाई और वजन मात्र ३० किलो. इसी कारण, जब २२ गज के स्टैण्डर्ड पिच पर क्रिकेट बाल से खेलने की बारी आयी तो मैं बुरी तरह पिछड़ गया. क्लास की टीम से उभर कर मैं कभी भी स्कूल या कॉलेज की टीम का सदस्य नहीं बन पाया. बाद में हमलोग गाँधी मैदान में भी खेलने लगे. वहां बेशुमार टोलियाँ क्रिकेट खेलती थीं. कभी एक टीम का बाल दूसरा उठा लेता तो कभी टोली का एक लड़का झगड़ा कर दूसरी टोली से खेलने लगता. सबसे मजेदार तो तब हुआ जब बॉलर ने अपने पिच पर बोलिंग करने के बजाय दूसरे के पिच पर बोलिंग कर दी. 

१९५९ में झुमरी तिलैया आने के बाद शहर के एकमात्र स्कूल सेठ छोटूराम होरिलराम हाई स्कूल की टीम में मेरे बड़े भाई तो तुरंत चुन लिए गए लेकिन मुझे एक्स्ट्रा में जगह मिली. उस समय क्रिकेट सर्दिओं में ही खेला जाता था. एक दिन मालूम हुआ की गर्मी की छुट्टी में भी स्कूल के मैदान में रविवार को सुबह ७ से १० बजे तक लायंस क्लब के मेम्बर पूरे किट के साथ क्रिकेट खेलते हैं. सभी खेलने वाले सफेद शर्ट-पैंट में आते हैं और क्रिकेट शू या कैनवास के सफ़ेद जूते पहनते हैं. हम दोनों भाई भी तैयार होकर पहुंचे. देखा ८-१० कार लगीं थी. मैट पर खेल हो रहा था. सबसे वरिष्ष्ठ ५० वर्षीया चोपड़ा थे और सबसे कमउम्र २५ वर्षीय लड्डू थे. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज लड्डू की अगर अभी के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से तुलना की जाये तो वासिम अकरम का चेहरा सामने आता है. उनके पास कायदे का विकेट कीपर नहीं था. अजय भईया को तुरंत कीपिंग में रख लिया गया. वे पटना कॉलेजिएट स्कूल से खेल कर आये थे. वरिष्ठ चोपड़ा साहब स्लिप में फील्डिंग करते वक्त अपनी जगह से हिलते भी न थे. दूसरे रविवार को मुझे भी मौक़ा मिल गया. पहले चोपड़ा साहब से छूटी गेंद को रोकने के लिए और बाद में मुझे पूरी तरह शामिल कर लिया गया. ये सभी लायंस करोडपति माइका मर्चेंट थे. सभी शालीन बस एक को छोड़कर. वह था मुख्य मंत्री के०बी०सहांय का लड़का. २० किलोमीटर दूर हजारीबाग की तरफ से जीप पर आता. बोनट पर बैठ मैच देखता,कुछ पीता रहता और हल्ला करता.

१९६० के दशक में क्रिकेट मेरा और समूचे भारत का सबसे लोकप्रिय खेल होता जा रहा था. कॉलेज की पढाई १९६१ में रांची कॉलेज से शुरू हुई. डोरंडा के जिस इलाके में मैं रहता था वहां बंगाली समुदाय की अधिकता थी. फ़ुटबाल ही लोकप्रिय था. यहाँ भी मैंने टेनिस बाल से शुरुआत की और बहुत जल्दी ही क्रिकेट बाल से खेल होने लगा. जाहिर है की आस-पड़ोस की ४-५ टीमों में हमारी टीम का ही दबदबा रहता. ऊंची क्लास में पढने और क्रिकेट की शुरुआत करने की वजह से मैं निर्विवाद कप्तान चुन लिया गया. हमारी टीम का सबसे अच्छा तेज़ बॉलर रणधीर वर्मा था ; वही जो बाद में DSP धनबाद हुआ जहाँ वह बैंक रॉबरी में मुकाबला करते शहीद हो गया.

हमलोग जेंटलमैन क्रिकेट कतई नहीं खेलते थे. हारने वाली टीम अवश्य बदमाशी करती थी. विकेट की डंडी उखाड़कर लड़ने तक को तैयार रहती. अंपायर हमेशा बल्लेबाजी करने वाली टीम का होता, जो LBW देने के के बजाय बाल को ही “नो- बाल” करार कर देता. रन आउट तभी देता जब छोटी सी दर्शक दीर्घा रन आउट चिल्लाने लगती अथवा  खिलाड़ी वाक-आउट करने लगते. आजकल तो नो बाल होने के ३-४ कारण ही होते हैं . उस समय अनगिनत कारण होते. उसमें से एक कारण याद आ रहा है. अंपायर का रेडी न रहना. अंपायर को ही रन तालिका का रजिस्टर भरना होता था. उस ज़माने में किसी भी टीम के पास मात्र 2 पैड होते. बल्लेबाजी के समय दोनों बल्लेबाज अपने सामने वाले पैर में बांधते. जी हाँ, कभी-कभी रस्सी से भी बांधते. गेंदबाजी करते समय वही पैड विकेटकीपिंग के काम आता. टीम बिरलें ही अपना कोई सामान सांझा करतीं. लेगगार्ड और एब्डोमिनल गार्ड का नाम भर सुना था. तब मैच ९ बजे सुबह शुरू होता और १ बजते ख़त्म हो जाता. नो लंच ब्रेक. हमलोग नजदीक के नल या कूएँ से पानी पीते.
अब हमलोग टेस्ट मैच का पूरा आनंद रेडियो या ट्रांजिस्टर पर कमेंटरी सुनकर उठाने लगे थे. कमेंटरी अंग्रेजी में ही आती थी. राजकुमार  विजयनगरम उर्फ़ विज्जी की कमेंटरी कहने का तरीका अभी तक याद है. वे कमेंटरी कहते-कहते पुराने दिनों की याद में खो जाते थे. एक बार वे नवाब ऑफ़ पटौदी सीनियर और उनकी बेगम का जिक्र कर रहे थे जिनसे हम जैसे श्रोताओं को रत्तीभर भी मतलब नहीं था. १० मिनट के बाद विज्जी ने कहा की इसी बीच मांजरेकर  १2 रन बनाकर रन आउट होकर चले गए हैं और नाडकर्णी पिच पर खेलने आये हैं.  
 

हमलोगों की जोरदार टक्कर HSL कॉलोनी की टीम से होती थी जिसका कप्तान डॉ० रोशन लाल का लड़का नरेन् हुआ करता था. बाद में HSL कॉलोनी, SAIL/MECON कॉलोनी हो गयी. जिस मैदान में हमलोग खेलते थे उसे एक बड़ा स्टेडियम बना दिया गया. इसी स्टेडियम में खेलते हुए महेंद्र सिंह धोनी से माही हो गया. १९६६ में हमलोग शहर के दक्षिण-पूरब कोने में विकसित होते HEC कॉलोनी में आ गए.

१९६६ में हेम दोनों भाई पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे थे. सिर्फ १ घंटा समय मिलता था शाम को. सरकारी बंगले के २०/१० मीटर के कोर्टयार्ड में घमासान क्रिकेट हुआ करता था. बल्ला स्टैण्डर्ड, बाल टेनिस का और विकेट की जगह एक १५ किलो का पत्थर का स्लैब. एक विशेष नियम यह था की ऑफ साइड पर शीशे की खिड़की पर लगने पर आउट करार दिया जाता था. आसपास के सभी उम्र के १०-१५ बच्चे जमा हो जाते थे. अक्सर झगडा भी होता था. कभी टीम सिलेक्शन को लेकर तो कभी LBW/रन आउट को लेकर. सबसे ज्यादा घमासान तब होता था जब बाल स्लैब को छूकर निकल जाती थी. तब फैसला बालकनी में बैठे अभिभावक करते थे. मेरे बड़े भाई का हुक शॉट कमाल का होता था. मैं आउट स्विंगर बहुत सटीक डालता था और १० वर्ष का सुबीर महंती ऑफ ब्रेक. रविवार को खेल दो पारिओं का होता था. उस दिन मूर्ति और गुप्ता अंकल भी जोर-आजमाईश करने आ जाते थे. मेरे सबसे बड़े भाई भी मेडिकल कॉलेज से आ जाते थे. उनका कवर और स्ट्रेट  ड्राइव देखने लायक होता था. कवर पर शीशे की खिड़की होने के कारण हमलोग कवर ड्राइव का भरपूर आनंद नहीं उठा पाते थे. हमलोगों की तकरार टेस्ट क्रिकेटर को लेकर भी होती थी. बड़े भाई के पसंदीदा खिलाड़ी पटौदी थे जबकि मेरे चंदू बोर्डे.

१९६७ के भयावह दंगे में बहुत-कुछ प्रभावित हुआ. १५ दिन बाद दंगे शांत होने के बाद भी कोई घर से बाहर नहीं निकलता था. तब मूर्ती और यादव अंकल ने मोहल्ले के लड़कों को आवाज लगाई. हमलोग भी बहुत बैचेनी से दिन काट रहे थे. कॉलोनी के मैदान में विकेट गाड़ी गयी. हमलोग के साथ बुजुर्ग भी या तो खेलने लगे अथवा परिवार के साथ खेल देखने लगे. अच्छी-खासी दर्शक दीर्घा के कारण खेल का बहुत आनंद आ रहा था. क्रिकेट के चलते दूसरे दिन से HEC Township में प्रायः स्थिति सामान्य हो गयी. लोकल समाचार पत्रों में ये खबर सुर्खिओं में  आयी.

पूर्णरूपेण क्रिकेटर बन पाने का अवसर १९६९ में नौकरी के बाद लगा.

क्रमशः ......क्रिकेट -३ 

Thursday, April 1, 2021

क्रिकेट - १

But eventually it is a game of cricket.
Sachin Tendulkar


१९५६ के जुलाई माह में मेरा दाखिला पटना कालेजियट स्कूल की सातवीं कक्षा में हुआ. अजय भैया की इंग्लिश बहुत अच्छी थी . उन्हें हमेशा ८० के आसपास नम्बर आते थे . उन्हें इंग्लिश की बुनियादी शिक्षा दादाजी से मिली और उसके बाद पिताजी ने उन्हें हाथो-हाथ लिया. मुझे भी दादी चोरी-छुपे दादाजी से ओट करके इंग्लिश की पढाई ध्यान से सुनने का बढ़ावा देती रहती थी. पिताजी अजय भैया को पढाते समय मुझे अवश्य पास बिठाते थे. छमाही परीक्षा में मुझे भी ७६ नम्बर आये. मुझे याद है उस दिन तबियत ठीक न होने के कारण मैं स्कूल नहीं गया था. शाम को चार- पांच सहपाठी मेरे घर आये और मुझे बताया की मुझे इंग्लिश में सबसे ज्यादा नम्बर मिले हैं. उनमे से एक निर्मल, जो इंग्लिश मीडियम से हमारे स्कूल आया था. वह दूसरे नम्बर पर था. उसकी आँखों में क्रोध और इर्ष्या झलक रही थी. निर्मल ने इंग्लिश में मुझसे संवाद करने चाहे जिसमे मैं बुरी तरह असफल रहा.
पिताजी को मेरे में भी कुछ प्रतिभा दिखने लगी. अब वे मुझे क्रिकेट कि इंग्लिश कमेंटरी में भी बिठाने लगे. उन्हें महाराजकुमार विजयनगरम उर्फ विज्जी की कमेंटरी बहुत भाति थी. मैं गिल्ली-डंडा तो खेलता था पर क्रिकेट के बारे में मेरी जानकारी शून्य थी. कमेंटरी के साथ-साथ , पिताजी क्रिकेट खेलने कि बारीकी भी बताते जाते थे. जो कुछ मैंने सुना और समझा था वह क्रिकेट समझने और खेलने के लिए पर्याप्त था. जैसे, टेस्ट मैच इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच हो रहा था. ऑस्ट्रेलिया के कैप्टेन रिची बेनाड थे . इंडिया का कैप्टेन रामचंद्र थे. ऑस्ट्रेलिया की टीम में लिंडवाल, डेविडसन और हार्वे जैसे दिग्गज थे जब की भारत के तरफ से मांकड, उमरीगर, गुप्ते और जसु पटेल जैसे खिलाड़ी थे. बैट, बाल, विकेट, २२ गज की दूरी, बैटिंग, बालिंग, फील्डिंग, १,२,३,४,और छक्का इत्यादि की जानकारी होती जा रही थी.
पिताजी का अंग्रेजी पढ़ाने का तरीका भी नायब था. कभी कोई कहानी पढने को देते और कहते की शाम तक पढ़कर उसकी समरी लिख कर रखना. इसी तरह उनकी अनुपस्थिति में हुए मैच का विवरण बताना. हद तो तब हो गयी जब उन्होंने हमलोगों से दिनभर के मैच का सारांश लिखवाना शुरू किया. 

शायद अक्टूबर, १९५६ का महीना था. बम्बई टेस्ट में इंडिया ने बहुत अच्छा खेला था. मैच ड्रा पर छूटा था. पिताजी से लेकर हम सभी बहुत खुश थे. उसी उमंग में हम तीनो भाई अपने सामने के कोर्टयार्ड में निकल आये. बैट के नाम पर एक लकड़ी कि कुर्सी का पीछे टूटा डंडा था जिसकी लम्बाई तीन फीट और दो इंच की मोटाई रही होगी. हमलोग ६ इंच के व्यास के रबर बाल से फुटबाल खेला करते थे. उस समय हमलोगों के पास उसके सिवा बालिंग के लिए कुछ भी नहीं था. १४ गज की लम्बाई और ६ गज की चौड़ाई की ज़मीन थी. गैरज की दीवाल पर ईंटें से तीन लकीर खींची गयी.

मैं बाल फेंक रहा था जैसे गिल्ली फेंकी जाती हो. अजय भैया डंडा भांज रहे थे . छोटा भाई मनोज और छोटी बहन नीरजा फील्डिंग कर रहे थे. अजय भैया से तो डंडा घूम भी जाता था और कभी-कभी बाल पर लग भी जाता था पर मैं और मनोज सीसम की भारी लकड़ी को ठीक से सम्हाल भी नहीं पा रहे थे.
तभी मेरे क्लास का एक सहपाठी अनिल हमलोगों की परेशानी देखकर गेट से अंदर आ गया. उसने बालिंग और बैटिंग कर के दिखाया. साथ ही उसने हमलोगों को अपने घर के मैदान में आने को कहा जहां पड़ोस के लड़के जमा होकर क्रिकेट खेलते थे.
हमलोग अब दोस्तों की एक नयी दुनिया में प्रवेश कर रहे थे. क्रिकेट की दीवानगी तब परवान चढ़ने लगी जब अलेक्जेंडर की कप्तानी में दिसंबर , १९५८ में वेस्ट इंडीज की क्रिकेट टीम पांच टेस्ट मैच खेलने हमारे देश आई. हमलोग तीन टेस्ट हार चुके थे और एक टेस्ट ड्रा पर छूटा था. पांचवां अंतिम टेस्ट मैच दिल्ली में खेला जा रहा था . वेस्ट इंडीज़ की तरफ से सोबर्स, कन्हाई, हंटे जैसे दिग्गज बल्लेबाज थे और हॉल- गिलक्रिस्ट के तूफानी गेंद्बांजो की जोड़ी थी. हमारी तराफ रॉय, कंट्रेक्टर, उमरीगर, मांजरेकर जैसे बल्लेबाज , गुप्ते, देसाई जैसे बॉलर ,मांकड-गायक्वाद जैसे आल राउंडर थे . भारत के ४००+ के जवाब में इंडीज़ ने ६०० से ज्यादा का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया था. हॉल-गिलक्रिस्ट की तेज गेंदबाजी ने हम कमेंटरी सुनने वालों तक के होश उड़ा रखे थे. ऐसा लगने लगा था कि भारत इस मैच को भी नहीं बचा पायेगा . तभी एक नए खिलाड़ी बोर्डे ने कमाल दिखाना शुरू किया .वह पहली पारी में भी १०९ रन बनाकर अविजित था. दूसरी पारी में बोर्डे ९६ रन बनाकर गिलक्रिस्ट की और मैच की आखिरी गेंद खेलने जा रहा था. गिलक्रिस्ट ने उस समय ऐसा किया जो शायद पहले किसी ने नहीं किया होगा और बाद में उस तरह की बालिंग को बैन कर दिया गया. उसने विकेट के पास खड़े होकर एक ७० डिग्री का प्रोजेक्टायिल फेंका जिसे डंकी ड्रॉप कहा जाता है. यह विकेट बहुत सटे पीछे जाकर गिरा. चौका लगाने की धुन में बोर्डे हिट विकेट आउट हो गया. यह मैच बराबरी पर छूटा. मुझे आज भी वह दिन याद है, ११ फरवरी १९५९. याद इसलिए रहा क्योंकि १२ को मेरा जन्म दिन था.
हमलोग 2 टीम बनाकर मैच खेलते. मैच क्या लड़ाई-झगडे का मौक़ा. सेकंड हैण्ड टेनिस बाल चन्दन स्टोर्स से १ रुपये में मिल जाता. बैट और विकेट हमलोगों ने पड़ोस के बढ़ई से बनवा लिया था.  पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम बल्लेबजी करके भाग जाती. इसके लिए टॉस करना जरूरी समझा गया. कोई बदलाव नआने के कारण पहले बल्लेबाजी टीम को कसम खानी पड़ती थी की वह भागेगा नहीं.  अंत में मोहल्ले के दादा की देखरेख में खेल होने लगा. इसके लिए उम्र और कद के बड़े दादा को भी किसी टीम से खिलाना पड़ता. दादा थे की आउट होना अपमान समझते. थोड़े नरमदिल थे. जब मन भर जाता तब वे खुद ही हट जाते . 
अगस्त, १९५९ में भारतीय टीम पांचो टेस्ट इंग्लैंड से हार कर लौटी. वे भी क्या दिन थे. शायद तब इंग्लैंड की कमेंटरी भारत रिले नहीं करता था या फिर हमलोगों को मालूम नहीं था. 2 दिनों बाद अख़बारों से खबर  मिलती थी. हमलोग क्रिकेट मैच के फोटो अख़बारों से काट कर अपने एल्बम में रख लेते थे और दोस्तों के साथ फख्र से शेयर करते थे.

Thursday, October 8, 2020

लड्डू बाबू

 लड्डू बाबू का दोमंजिला विशाल लाल मकान ठीक अनुग्रह नारायण रोड के चौमुहाने पर था. पटना स्टशन से आती सड़क बाई तरफ बाकरगंज की ओर मुड जाती थी. दाहिने तरफ बुद्ध मार्ग पर विशाल बुद्ध की मूर्ती थी. सीधी एक फर्लोंग लंबी सड़क का नाम स्वंतंत्रता सेनानी बाबू अनुग्रह नारायण सिंह के नाम पर था जो कांग्रेस मैदान तक जाती थी. कहते हैं, आज़ादी के पहले अनुग्रह बाबू का तहखाने वाला घर घर कांग्रेस ने गुप्त मीटिंग के लिये बनवाया था. इसी सड़क से डॉ० राजेंद्र प्रसाद कांग्रेस मैदान के पीछे अपने बेटे के घर जाया करते थे. इसी सड़क से जय प्रकाश नारायण चरखा व् भूदान समिति के कार्यालय जाते. लड्डू बाबू का मकान इस सड़क के बाई तरफ का पहला मकान था.

लड्डू बाबू का मकान क्या पूरी हवेली थी. चारों तरफ बगीचा. सामने की तरफ तरह-तरह के गुलाब. 15-20 छायादार पेड़ों के घूँघट से हवेली का कुछ हिस्सा ही दिख पाता था, वह भी गौर से देखने पर. लगभग 35 वर्ष के लड्डू बाबू स्वयं पतले-दुबले, नाटे कद और गोरे चौकोर मुंह के जब भी दीखते अपनी वकील वाली काली पोशाक में. उनकी विधवा माँ इसके विपरीत मोटी-ताज़ी गरजदार वाली आवाज से दोमंजिले के झरोखे से माली को हिदायत देते दिखती.इतना कुछ हमलोगों को स्कूल जाते वक्त या मोड पर राशन के दुकान जाते वक्त सुबह दीखता. अगर लड्डू बाबू की माँ दिख जाती तो नजर सीधी ओर कदम में अपने आप तेजी आ जाती. मात्र 2 सेकंड की झलकी मिलती. जो पेड़ों से नहीं छिपता वह उनके हाते के सड़क से सटे प्रेस वाला दोमंजिला बिना खिडकी का मकान ढक लेता. लड्डू बाबू की माँ डायन थी. ऐसा भगौती चाय वाले ने बताया था.

लड्डू बाबू के बाकरगंज वाले सड़क के गेट से सटे सरकारी जमीन पर भगौती याने भगवती की चाय दुकान थी. सुबह सवेरे वह सफाई कर्मियों को चाय पिलाता था . सफाई कर्मी मतलब, सर्विस टोइलेट साफ़ करने वाले, सड़क पर झाडू देने वाले और कचरा इकठ्ठा कर कचहरी गाड़ी वाले. अपने काम से फारिग होने के बाद ये सभी 50-60 जन भगौती की दुकान से एक गिलास चाय लेते और टेढ़े-मेढे डंडे वाला ब्रेड लेते और वहीँ फूटपाथ के उठान पर पसर जाते. इसके बाद पुलिस कर्मी, चपरासी और नौकरों का नंबर आता. सभी अपने काम पर लगने के पहले भगौती की दुकान पर हाजरी लगाते. हम बच्चे कभी भी उसके दुकान पर आ धमकते. एक पैसे वला टेढा-मेढा ब्रेड का करारा डंडा और कभी-कभी पैसा रहने पर तीन आने वाला लेमनेड बहुत ही रोमांचकारी लगता. तब लेमनेड की बोतल का मुंह एक कांच की गोली से बंद रहता जिसे भगौती ही खोलकर हमलोगों को देता. जैसे ही गोली रास्ता देती फुश के साथ गैस निकलती. ज्यादातर लेमनेड की बोतल हम दो-तीन बच्चे शेयर करते. दोपहर को दो बजे के आसपास जब सन्नाटा छा जाता तब भगौती की दुकान गंजेडियो के धुँए और धमक से भर जाती. भगौती एक हाथ से चिलम पकड़ कर कश लगता ऐसा की लपट निकल जाती. हमलोग दूर से वह लपट देखने के लिये रुक जाते.तभी मालूम हुआ कि ऐसे चमत्कारी लोगों को भी गुरु कहकर संबोधन किया जाता है. 1956 के बी०एन०कॉलेज गोली कांड के समय छात्रों के जुलुस को भगौती बाल्टी में शरबत बना कर पिलाता. कुछ वर्ष बाद भगौती सचमुच दाढ़ी और केश बढ़ाकर गुरु हो गया था.

गर्मी की दोपहरी में जब हमलोग सुबह के स्कूल से लौट रहे थे तो ठीक चौमुहानी पर सैकड़ों लड़कों का हुजूम दिखा. बहुत से लड़के लड्डू बाबू के अहाते में घुसकर बगीचा तहस-नहस कर रहे थे. कुछ लड़के उनके घर की खिड्कियों पर पत्थर फेंक रहे थे. राहगीर और रिक्शा चौमुहानी से न जाकर लौट जा रहे थे. हमलोगों ने भी दूसरा रास्ता लिया. हमलोगों ने सब्जीवाले से पूछा. उसने झटके से बताया कि उस हवेली की डायन ने एक लड़के को कच्चा चबा लिया. उस रात बहुत मुश्किल से नींद आई.

दूसरे दिन चपरासी ने बताया कि किसी स्कूली लड़के को फूल तोड़ते समय माली ने लोटा फेंक कर मारा था. बाद में वह लड़का रोते हुए अपने स्कूल पहुंचा. क्रोध में सब स्कूल छोड़ हवेली की ओर दौड पड़े और बहुत तोड़फोड़ की. स्कूल से लौटने समय देखा कि पुलिस आई हुई थी और बहुत सारे गमले टूटे पड़े थे. पुलिस ने तो कुछ नहीं किया. अव्वल भगौती ने रास्ता निकाला. पाटलिपुत्र स्कूल के 100 से ज्यादा छात्रों को घर के बगीचे में बिठाकर भोजन कराया गया. लड्डू बाबू की शादी की तिथि नजदीक आ रही थी इसलिए पूरे घर का रंग-रोगन कराया गया. हवेली फिर लाल रंग में डरावने रूप से खिल गयी.

लड्डू बाबू के आहते के प्रेस वाले भवन की दीवार हमशा रंग-बिरंगे फ़िल्मी पोस्टर से ढकी रहती थी. मुझे आज भी फिल्म “दायरा” का आदमकद पोस्टर याद है. गोल घेरे के बीच एक औरत. सबसे दहलाने वाला पोस्टर लगा था “दो आँखें बारह हाथ” का. एक किनारे ६ डकैत, आकाश से घूरती दो बड़ी-बड़ी आँखें और दूसरे किनारे से एक विशालकाय दौडता हुआ सांड.

हमलोग जब पटना छोड़े उसी वर्ष लड्डू बाबू की शादी हुई. हमलोगों के घर भी न्योता आया था. दो ऊँट , तीन हाथी, पंजाब बैंड और विक्टोरिया पर दुल्हा गया था बरात लेकर. माँ शादी के सब कार्यक्रम में शामिल हुई थी. वह बताती थीं कि लड्डू बाबू की माँ बहुत स्नेही और मिलनसार थी. वह गठिया से बहुत बुरी तरह ग्रसित थी इसीलिये ज्यादा समय वह बालकोनी में बैठकर सड़क की चहल-पहल से मन लगाती थी और सारे हुकुम बालकोनी से चिल्ला-चिल्ला कर अपने मातहत को देती थी, इसी कारण बच्चे उनसे डरने लगे थे.   

 

Friday, September 11, 2020

मेरी बरसात

 पिछले पांच दिनों से रांची में बारिश हो रही है. मेरे मित्र लक्ष्मी ने बताया कि ग्रेटर नॉएडा में भी गहरे बादल छाये हुए हैं. चूँकि कोरोना संकट काल में घर में ही रहना है इसलिए ज्यादा अकुलाहट नहीं हो रही है. हम दोनों फोन पर बातें कर रहे थे. लक्ष्मी ने कहा कि उसे “बरसात की रात” का शीर्षक गीत बहुत प्रिय है. मैंने बात आगे बढाने के लिए कहा कि “प्यार हुआ इकरार हुआ” भी बरसात में फिल्माया गया अच्छा गाना है. उसने कहा कि “प्यार हुआ...” एक प्रणय गीत है जबकि “जिंदगी भर न भूलेगी वह बरसात की रात “ बरसात को निवेदित है. लक्ष्मी सही कह रहा था.

बचपन से हमलोगों ने न जाने कितनी बरसातें देखी हैं. बचपन में बरसात का मौसम कितने ही नए रोमांच लेकर आता था . बरसात में भींगना, बरसाती नाले में कागज की कश्ती तैराना, गड्ढे में जमा पानी से खिलवाड करना क्या कोई भूल सकता है. कभी-कभी तो कमरे के कोने में सांप भी आकर छिप जाता था. बरसात का मौसम युवाओं का मनपसंद मौसम है. चाहे कॉलेज से भींगते हुए वापिस लौट रहे हों अथवा किसी पेड़ के नीचे बचते खड़े हों, दिल और दिमाग दोनों बरसाती गीत गुनगुनाते रहते थे. सुबह देर से उठना और दोपहर को सोते रहना तो आम बात हुआ करती थी. ख्यालों की दुनिया से बाहर युवा यथार्थ  की गुंजाईश रहती तो सोने पे सुहागा. जीवन की दूसरी पारी में भी पहली बरसात और शुरूआती दिनों की बरसात मन मोह लेती है. उसके बाद तो जैसे लंबी खींची हुई गर्मी वैसी ही न खत्म होने वाली ठण्ड और उससे ज्यादा दैनिक कार्यों में अड़चन पैदा करती बरसात सबसे ज्यादा वृद्धों द्वारा कोसी जाती है. जरावस्था की सबसे बड़ी दुश्मन तो बरसात ही है.

हम तीन सहोदर भाईयों के मध्य उम्र का बहुत कम अन्तर था. बड़े भाई ६ वर्ष के थे. जमशेदपुर की गर्मी से निजात पाने के लिए हमलोग ज्यादातर बंगले के गेट के पास लगे नल पर ही मन भर नहाते थे या जोर की भूख लगने तक अथवा जबतक की घर से अंदर से कोई कड़क आवाज में बुला न ले. एक दिन , देखते-देखते बादल आया और झमाझम बारिश होने लगी.हम भाईयों ने एक दूसरे को शरारत भरी नजरो से देखा और बाहर सड़क पर नंग-धड़ंग दौड पड़े. ५ मिनट में ही वर्षा की बड़ी-बड़ी बूंदों से शरीर छलनी हो गया. एक महुए के पेड़ के नीचे शरण ली. वर्षा कम होने पर किसी तरह घर के अंदर आये . माँ को भौचक देखने का भी समय नहीं मिला. जल्दी से हमलोगों को चादरों से लपेट दिया गया. शरीर पर पड़े लाल चकत्ते एक दिन तक बरकरार रहे. उसके बाद बहुत दिनों तक बरसते पानी में निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए.

इसी तरह, पटना के मकान में भी बहुत गर्मी पड़ने के बाद तेज बारिश आई. हम भाई सुबह के स्कूल से लौटे ही थे. माँ ने कहा था नहा-धो लो भोजन तैयार है. हमलोगों की आँखें फिर चमकने लगी, शर्ट उतारी और बाहर निकल सड़क पर दौड पड़े. तबतक मोहल्ले के सभी हमउम्र लड़कों से मित्रता हो गयी थी. जिसने भी देखा हमलोगों के साथ हो लिया. देखते-देखते १०-१२ बच्चे सड़क पर दौड़ते हुए बरसात का आनंद उठा रहे थे. कुछ दिन पहले ही बी०एन०कॉलेज का छात्र गोली कांड हुआ था. अभी भी दुसरे शहरों और प्रान्तों से छात्र जुलुस लेकर स्टेशन से हमारे चौरस्ते होकर गुजरते रहते थे. जो नारे वे लगाते थे वह हमलोग भी भींगते और दौड़ते लगा रहे थे – जोर जुल्म के टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है और जो हमसे टकराएगा चूर-चूर हो जायेगा. लाजिमी था कि हमारी प्रदर्शनी देखने बड़े-बुजुर्ग भी घर से बाहर निकल आये. लौटने पर मात्र फटकार मिली. शायद बुजुर्गों के भींगने की चाहत को हमलोगों ने किसी हद तक पूरा किया होगा.

बरसात के दिनों में भला कौन कॉलेज का छात्र अपने साथ छतरी या रेनकोट रखता है. उस वक्त बरसते पानी में भींग कर आना-जाना मर्दानगी में चार चाँद लगा देती थी. हमलोग साइकिल से ५ किलोमीटर दूर कॉलेज जाते थे. कॉलेज के शुरुआती दिनों में ही यूनियन का चुनाव पड़ा.चुनाव के दिन लौटते समय बहुत जोरों की बारिश होने लगी. हमलोग ६ जन थे जिनका घर कॉलेज के पश्चिम में पड़ता था. एक का घर १ किलोमीटर दूर तो पांचवें का घर ५ किलोमीटर दूर. कुछ ही दिनों में दोस्ती इतनी दारुण हो गयी थी कि पहला , पांचवे को घर पहुंचाने के बाद ही अपने घर लौटता था. बारिश इतनी तेज थी कि साइकिल चलाते समय आगे का रास्ता नहीं सूझ रहा था .रास्ता भटक गए. शहर से दूर, घर के बिल्कुल विपरीत दिशा में, बहुत दूर निकल गए. जब समझ में आया तो एक बंद ढाबे में शरण लेकर बारिश थमने का इन्तजार करने लगे. तबतक शाम होने को आ गयी इसलिए फैसला लिया गया कि सब कोई वहीँ से अपने-अपने घर चले जाएँ. हमलोगों में मात्र राधे श्याम सर्दी,जुकाम और बुखार से तीन दिनों तक पीड़ित रहा. बाद में पता लगा कि उसकी साइकिल पंक्चर हो गयी थी और उसे काफी दूर तक पैदल ही घर लौटना पड़ा था. इसके बाद, कई वर्षीं बाद, कॉलेज के अंतिम दिनों में एक बार जान-पहचान वालों से दूर पहाड़ी मंदिर गए थे छिपकर सिगरेट पीने . पहाड़ी की तराई में चट्टान पर बैठकर सिगरेट पीते हुए दोस्त का फरमाईशी गीत सुन रहे थे. ये फरमाईश उलटी दिशा में होती थी. गीत गाने वाला जिद करके गाने सुनाता था. गाने वाला सिगरेट के पैसे भरता था इसलिए सुने बिना कोई चारा नहीं था. उस दिन भी अचानक खूब तेज बारिश आ गयी. मित्र महोदय उस वक्त बरसाती गीत ही गा रहे थे- “सावन के महीने में एक आग सी लगती है तो पी लेता हूँ “. फिल्म में यह गाना चाहे किसी भी कारण गया गया हो, हमलोगों का पीने का मतलब सिगरेट से था. अब भला गाने कि शान रखने के लिए कौन कमबख्त भींगने से डरता. ये बात और थी कि सिर छुपाने के लिए एक गुलमोहर का पेड़ था नहीं तो दूर-दूर तक कोई भी छिपने कि जगह नहीं थी. हाँ, पहाड़ी की चोटी पर मंदिर जरूर था पर बिजली की चमक और गरज के विज्ञान से हमलोग बखूबी वाकिफ थे.

शादी के बाद युवा जोड़ी स्वयम को सोहनी-महिवाल से कम नहीं समझती है. उस दिन रविवार को बहुत दिनों बाद बारिश थमी थी. हम पति-पत्नी शहर के विपरीत कोने, अपने बहन-बहनोई से मिलने स्कूटर पर निकल पड़े. जब बहन का घर मात्र १०० मीटर ही बचा था कि बहुत जोरों की बारिश आ गयी. दोनों बुरी तरह भींग गए. मुझे तो बहनोई का कुरता पायजामा दुरुस्त आ गया. बहन थोड़ा ज्यादा तंदरुस्त थी या पत्नी दुबली थी या फिर उसे मस्ती सूझी , थोड़ी देर बाद जब मेरी नयी-नवेली पत्नी कपडे बदलकर बैठकखाने में आई तो मैं ठगा सा देखता ही रह गया. मेरी बहन ने अपने स्कूल के दिनों का स्कर्ट-ब्लाऊज वाला युनिफोर्म पहना दिया था. बहुत देर तक हँसी-मजाक होता रहा. सब कोई अपने स्कूल के दिन और पहनावे याद कर रहे थे. शाम को जब लौटने लगे तबतक कपडा नहीं सूखा था. हमलोग उसी पहनावे में स्कूटर में बैठ कर लौट आये. अपार्टमेंट के बाहर जब स्कूटर स्टैंड पर लगा रहा था तब खिड़कियों से बहुत जोड़ी नजरें हमलोगों को देख रही थी. हमारा फ्लैट दूसरी मंजिल पर था. दरवाजे पर दो परिवार नजदीक से जायका लेने इन्तजार कर रहे थे. बनारस की मास्टरनी चाची ने तो चुटकी ले ही ली – “हम समझे कि आप किसी लड़की को भगा के लाये हैं.”

मेरी शिफ्ट ड्यूटी हुआ करती थी. बहुत बार बहुत बुरी तरह भींग कर घर लौटते थे. एक बार रात के दस बजे बहुत तेज बारिश में कारखाने से घर लौट रहा था. बहुत तेज हवा थी. रास्ते में दोनों तरफ मीलों दूर सिर्फ खेत थे. पश्चिम में मंदिर की तरफ से भयंकर हवा के साथ बारिश की झटास मुझे और मेरे स्कूटर को धकेले दे रही थी. स्कूटर की हेडलाइट भी बिल्कुल लाचार थी. किसी तरह टटोलता हुआ आगे बढ़ रहा था घर की तरफ. मैंने मन ही मन तय किया कि अब ऐसी गलती नहीं करूँगा. पर ऐसी गलती बार-बार होती रही. बहुत वक्त लगा, धैर्य रखकर बारिश के थमने पर आगे बढ़ने की मनःस्थिति बनाने में.

नौकरी के अंतिम दिनों में की एक बरसात भुलाने योग्य है भी नहीं. दुर्गा सप्तमी की रात एक बड़ा हादसा हो गया. तीन दिन से लगातार बारिश हो रही थी. कारखाने के पिछली तरफ जहां कचरा फेंका जाता था वहीँ एक जहर तालाब भी था. यह नाम गाँव वालों का दिया हुआ था. इस तालाब में कोयले से निकला फेनोल जैसे कई जहरीले तरल पदार्थ एक पाईप लाइन द्वारा इसी तालाब में डाल दिया जाता था. इस तालाब में कई मवेशी अपनी जान गवां बैठे थे. एक बार इसी तरह भारी बारिश के चलते इसका द्रव उफन कर नीचे बसे गाँव और उनके खेत में जा पहुंचा था. पूरा का पूरा धान का खेत बर्बाद हो गया था. तब तालाब का किनारा ऊंचा कर दिया गया था. इस बार चूहों ने जगह-जगह सूराख बना दिए थे उसपर बरसात की ऊपरी मार , एक पतली नाली सी बन गयी थी जो धीरे-धीरे किनारे को तोड़ते हुए बड़ा रूप लेने लगी थी. रात के ११ बजे महा प्रबंधक मुझे मेरे घर से लिवा ले गए. सुरक्षा के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण भी मेरे अधिकार में था. रात भर अग्निशमन के योद्धाओं के साथ बालू की बोरी पाटते रहे. सुबह सात बजे तक स्राव नियंत्रित कर लिया गया.

अब बरसात की कहानियां सुनने का समय आ गया था. एक होली के दिन भी अचानक ओलों के साथ बरसात हुई. उस शनिवार की रात मैं काली जी के मंदिर के पूजा अर्चना में ध्यानमग्न बैठा था. शनिवार की पूजा में बहुत लोग सम्मलित होते थे. गंभीर पूजा होती है इसलिए शांत वातावरण में पूजा होती थे. अचानक कुछ व्यसक लड़कों की खिलखिलाहट सुनाई दी. पुजारी ने पूजा खत्म होने पर बहुत जोर की फटकार लगाई. उनमें से एक लड़के ने खिलखिलाहट का कारण बताया. होली में भरपूर रंग खेलने के बाद भरी दोपहर में ७-८ लड़के तालाब में रंग छुडाने व् नहाने गए. तालाब बड़ा था और ये लोग बीचोबीच नहा रहे थे. तभी अचानक बड़े-बड़े ओलों की बारिश होने लगी. ये लड़के जब भी पानी से बाहर शरीर निकालते तो कोड़ों की तरह ओले उनका स्वागत करते. शरीर अंदर करते तो दम घुटने लगता. १० मिनट में उनलोगों का हालत खराब हो गयी. किसी तरह किनारे आकर जान बचाई.


आज ३  घंटे से बारिश हो रही थी. शीशे की खिडकी से सामने पीपल का पेड़ दीखता है. एक एक कर पक्षी पेड़ के पत्तों से बाहर आ रहे हैं. एक-दो मेरे छत की मुड़ेड पर आकर पंख सुखा रहे हैं. उनकी नजर मेरे दरवाजे पर भी है. मैं रोटी के छोटे-छोटे टुकड़े करके बिखेर देता हूँ. दूर बैठे कबूतरों का झुण्ड भी जलपान में शामिल होने आ गया है. कुछ मैना भी पधारी है. एक गिलहरी भी. अब अँधेरा होने तक काफी के प्याले के साथ बादलों की घेराबंदी, चिडियों का नोकझोक और पेड़ के पत्तों का इठलाना देखता रहूँगा. जिंदगी के अंतिम पड़ाव में भी सुबह होती है शाम होती है पर उसे रोचक बनाने में ही बुद्धिमानी है.    

 

Tuesday, May 19, 2020

मुठिया प्याज़ !

1962 में देवानन्द और साधना की एक बहुत ही साफ-सुथरी फिल्म देखी थी। नाम था “असली नकली”। नायक का पिता एक बहुत अमीर व्यवसायी था। बेटे की फिजूलखर्ची उससे बर्दाश्त नहीं होती थी। एक दिन झगड़ा बहुत बढ़ गया। बेटा घर से निकल गया। दिन भर का भूखा-प्यासा, रात को उसकी भेंट एक छापेखाने के मजदूर से होती है। मजदूर को नायक की बदहाली देखी नहीं जाती है। वह नायक को अपनी खोली ले जाता है। उसकी बहन रोटी-सब्जी के साथ एक मुठिया प्याज़ खाने को देती है। मजदूर बड़े चाव से खा लेता है। नायक को प्याज़ की तेज़ी से हिचकी आने लगती है। फिल्म में तो और भी बहुत कुछ था पर मुठिया प्याज़ आज़माने वाली चीज़ जान पड़ी। रात के खाने में जब रोटी-सब्जी परोसी गई तो मैं एक प्याज़ भी चौके से उठा लाया। फिल्म में प्याज़ घुटने पर रख कर तोड़ा गया था। मैंने जमीन पर रखकर मुट्ठी से मारा। प्याज़ तो टूटा नहीं अलबत्ता हथेली में अच्छी-ख़ासी चोट आ गयी। बात आयी गई भूल गई।

1968 में MSc की लिखित परीक्षा होने के बाद मुश्किल से 10 छात्र बचे थे गांगुली फ्लॅट हॉस्टल में, जिन्हे प्रैक्टिकल परीक्षा देनी थी। उस दिन कॉलेज से डेट्स लेने के बाद मैं कुछ देर के लिए गांगुली फ्लॅट रुक गया। मित्रों के साथ समय बिताना बहुत प्रिय लगता है। वह भी तब जब की यह मालूम हो की परीक्षा खत्म होने के बाद बिछुड्ना है। भूख भी लग गई थी। सोचा था दोस्तों के भोजन का समय है, वही खा भी लेंगे।

हॉस्टल में तो माँजरा ही अलग था। मेस मैनेजर घर लौट गया था। भंडार में आटे के सिवा कुछ भी नहीं था। सब एक दूसरे का मुंह देख रहे थे। कारण था सबकी फटेहाली थी। तभी रतनेश्वरी चिल्ला उठा – उरेका ! सबलोगों ने 50 पैसे उसके हाथ पर रखे। उसने महाराज को रोटी सेकने को कहा। 10 मिनट में वह प्याज़ से भरा थैला साथ में हरी मिर्च और पाव भर सरसों तेल लेकर लौटा। सबकुछ 5 रुपये के अंदर हो गया था।

तंदूरी रोटी जैसी दिखने वाली मोटी, बेहतरीन सिकी रोटी , किसी को 1 किसी को 2 और एक को 4 परोसी गई। साथ में 2-2 प्याज़ और 2-3 हरी मिर्च। सरसो तेल से भरी कटोरी पूरे टेबल पर घूमने वाली थी। मुठिया प्याज़ सबने सुन रखा था पर आज़माया बिरलों ने ही था। 5 जन कामयाब हुए और बाकियों का प्याज़ मिसाइल बना हुआ था।

मेरी निगाहें रतनेश्वरी के हाथों पर टिकी थी। मैंने उसी की तरह प्याज़ को टेबल की दरार का सहारा दिया और एक मुक्का लगाया। प्याज़ एक ही वार में दो फांक। रतनेश्वरी गाँव से था । उसे मेरे जैसे शहरिया से बिलकुल उम्मीद नहीं थी। उसके मुंह से बेसाख्ता निकल गया – वाह ! खाने में तो बहुत आनंद आया पर सबकी भाव-भंगिमा देखते ही बनती थी। प्याज़ और सरसो तेल की मिली-जुली तीखी झाँस और मिर्च की तीताई। जिसका रोटी से पेट नहीं भरा, उसकी कमी पानी ने पूरी कर दी।

अंधेरा होने के पहले और पिताजी के ऑफिस से लौटने के पहले घर लौटने की आदत थी। दिन में एक ही रोटी खाई थी। भूख बड़े जोरों से लगी थी। मेरे भाई बहन भी कोई कॉलेज से , कोई स्कूल से और कोई खेल कर लौटे थे। सभी को बड़े जोरों की भूख लगी थी। माँ और दादी पड़ोस के घर गए थे। रसोई मे डब्बे के अंदर काफी रोटियाँ रखी थी। कुछ देर कुलबुलाने और झुंझलाने के बाद मैंने दोपहर का वाकया सांझा किया। फिर क्या था। एक थाल पर रोटियाँ रखी गई। साथ में नमक। नमक में ही सरसो तेल मिलाया गया। हरी मिर्च का झुंड भी एक ही जगह रख दिया गया। जिसको खाना होगा, ले लेगा। मेरी देखा-देखी मेरे भाइयों ने भी सफलतापूर्वक प्याज़ भेदा, अपने लिए भी और छोटे भाई-बहनों के लिए भी। हमलोग वहीं बरामदे में जीमने के लिए बैठ गए।

हमलोगों ने 1-2 निवाला मुंह मे रखा ही था की सामने के दरवाजे से पिताजी आ गए और पीछे के दरवाजे से माँ और दादी। मिरचा-प्याज़ और सरसो तेल का सेवन हमलोग कर रहे थे। मुंह उनलोगों का लाल हो रहा था। पानी उनकी आँखों में आ रहा था। हर रोज की तरह उस दिन किसी से भी कोई डांट नहीं मिली।

उस रात सबके भोजन का पहला कोर्स था रोटी, सरसों तेल से भींगा नमक, हरी मिर्च और मुठिया प्याज़ ।

Wednesday, May 13, 2020

कुछ बात तो थी ! पटना कॉलेजिएट 1957-59

अविस्मरणीय शब्द का अर्थ तब समझ में आता है जब बचपन के मित्रों के साथ बीते क्षण बरबस याद आते हैं; स्कूल में गुजारे दिन और उसके प्रांगण का चप्पा-चप्पा सिहरन पैदा कर देता है, स्कूल के शिक्षक किसी रंगमंच के कलाकार की तरह अवतरित होते रहते हैं और मन बरबस आहें लेने लगता है – जाने कहाँ गए वो दिन।

हम मित्रों का जमघट पास के काँग्रेस मैदान में शाम को अवश्य लगता था। जब मैंने पटना कालेजियट स्कूल में अपने दाखिले की बात अपने मित्रों को बताई तो तरह-तरह की प्रतिक्रिया मिली। सैंट ज़ेवियरस के विजय ने हँसते हुए कहा की वहाँ तो सातवी क्लास मे इंग्लिश की पढ़ाई शुरू होती है A,B,C,D से। राम मोहन स्कूल के रमेश ने कहा कि कालेजियट में लड़कियां नहीं पढ़ती। सबसे खराब बात पाटलिपुत्र के अंतु ने कहा - कालेजियट के पहले उस इमारत में पगला हॉस्पिटल था। जब वहाँ मौजूद मेरे साथ दाखिला लेने वाले और मित्र उलझ पड़े तो उसने कहा – अच्छा देखना ! बिल्डिंग “H” आकार का है – H का मतलब हॉस्पिटल। इसी तरह मेरे बड़े बड़े भाई ने बताया था कि आद्या सर के क्लास में एकदम शांत बैठना। वे मिलिटरी से आए हैं । बहुत सख्त हैं। नाराज होने पर कहते हैं – चट गिरेगा, पट मरेगा।

आद्या सर को मैं भूल चुका था। पीरियड के मध्य का अंतराल कितना कोलाहल वाला होता है यह बताने की आवश्यकता नहीं। दूसरे सप्ताह के किसी दिन तीसरे पीरियड में उनका आगमन हुआ। तिकोना सांवला चेहरा, छोटी-छोटी मूछें और बड़ी-बड़ी आँखें- एकदम चौराहे पर लगे पोस्टर के खलनायक की तरह। तब हमलोग का सिनेमा से सामना मात्र पोस्टर तक ही हुआ करता था। उन्होने अपना परिचय देने में एक सेकंड की भी देरी नहीं की। टेबल पर हाथ पटकते हुए दहाड़े – चट गिरेगा पट मरेगा। एक लड़का खिड़की के सिल पर से उठने की कोशिश कर रहा था। उसे बोले – ऐसा थ्रो करेगा की 303 के गोली माफिक गंगा पार चला जाएगा। क्लास में सन्नाटा छा गया। गनीमत थी की वे पूरे सत्र में हमारे क्लास में स्टॉप-गैप की भरपाई करने 3-4 बार ही आए। जब भी आते हमलोग सांस भी तमीज़ से लेते। आद्या सर बंगला के शिक्षक थे और एन०सी०सी० के भी । परन्तु जिस क्लास में भरपाई करने आते उसी विषय को पढ़ाते । वर्ड्सवर्थ की "द रेनबो" मैंने पहली बार उन्ही के मुख से सुनी थी ।


1950 के दशक में हफ्ते में बुधवार को एक पीरियड होता था extra curricular का। आज की पीढ़ी के लिए यह मात्र once upon a time भर के लिए विस्मयकारी ही होगा। इस पीरियड में छात्रों को तकली और चरखे से सूत कातना सिखाया जाता था। ऐसा बना सूतों का गट्ठर खादी ग्रामोद्योग वाले ले जाते थे। काष्ठकारी(बढ़ई) सिखायी जाती थी। सीनियर छात्र टेबल, कुर्सी, बेंच इत्यादि बड़ी कुशलता से बना लेते थे जिनका उपयोग क्लास मे होता था। एक हफ्ते ड्राइंग भी सिखायी जाती थी। उस दिन क्लास के तीनों सेक्शन बीच वाले हाल में आ जाते थे। बीच वाला हाल तो समझ रहे हैं न- H के दोनों डंडों को जोड़ने वाला। Extra curricular सर का व्यक्तित्व तो आज भी नजर के सामने दिखता है पर नाम याद नहीं आ रहा है। कद-काठी, चेहरे, डीलडौल और पहनावे से कुछ-कुछ अमर कथाकार प्रेमचंद ! एक और दारुण समानता। प्रेमचंद को मात्र चित्रों में ही देखा, उनकी बोली नहीं सुनी। सर की बोली भी कभी नहीं सुनी। किसी से सुना था की इनका चेहरा और दाया हाथ लकुवा-ग्रस्त था। ये क्लास में आते। एकदम बुनियादी से शुरू करते। अगर एक घड़ा बनाना होता तो पहले एक खड़ा क्रॉस बनाते।  20 फूट लंबे ब्लाकबोर्ड पर वह 3-4 ड्राइंग बनाते। अंत में एक बार वे पूरी गॅलरी में ऊपर से नीचे घूम कर सबकी कौपी देखते। किसी किसी की कॉपी में कुछ सुधार करते। तबतक घंटी बज जाती। वे जैसे शांत आए थे वैसे ही निकल जाते। श्रद्धा की पराकाष्ठा इनके क्लास में देखने मे आती। शुरू से अंत तक हमलोग मौन-मुग्ध उनको और बाएँ हाथ से खिची रेखाओं को निहारते रहते। यह मेरे जीवन का एक नायाब क्लास रहा जिसमें पूरे समय शिक्षक और छात्र दोनों खामोश रहते।

संस्कृत के अध्यापक जैसा व्यक्तित्व मुझे दोबारा नहीं दिखा। 55 के रहे होगें पर लगते थे 65 के। शायद मुंह में बहुत कम दाँत होने की वजह से। खादी का लंबा कुर्ता, खादी की धोती और सर पर गांधी टोपी। पहले दो वर्ष हमलोग उन्हे बरामदे में ही देखते थे। शायद इसलिए की संस्कृत 9वें से पढ़ाई जाती थी। जब भी वे प्रसन्न रहते, संस्कृत के पद्य शुद्ध उच्चारण के साथ गा कर सुनाते. उनमें शायद कालिदास की कवितायें भी रहती.हम सभी समझते तो बहुत कम पर मंत्रमुग्ध होकर सुनते . शुक्रवार को वे अपने साथ अपने साथ दो बालक भी लाते। कारण बहुत लाजवाब था। शुक्रवार को छात्रों को स्पेशल टिफ़िन दिया जाता। कभी पूआ, कभी जलेबी, कभी बर्फी और कभी बुँदिया-सेव।

संस्कृत के अध्यापक  किसी गद्य-पद्य का हिन्दी अनुवाद लिखने को दे देते। स्वयम वे कुर्सी पर दोनों पाँव समेटे तुरंत खर्राटा लेने लगते। हमलोगों के कोलाहल से उनकी नींद भंग हो जाती। इसके बाद हमलोगों की ताजपोशी शुरू होती। किसी को बुलाकर थप्पड़ मारते, किसी का कान उमेठते तो किसी की पीठ पर हथोड़ा मरते। सबसे ज्यादा शामत अखिलेश की आती। उसे तो बिना किसी शिकायत के मारते। कभी-कभी तो क्लास मे आने के बाद पहला काम अखिलेश की ठुकाई हो गया। एक दिन क्लास शुरू होते ही अखिलेश भोंकार मार के रोने लग गया। मिश्रा सर भी भौचक देखने लगे। उन्होने अखिलेश को पास बुलाया। उसका सर सीने से लगाकर बहुत पुचकारा-दुलराया। कुछ कहा भी। अगले दिन से नींद में खलल पड़ने पर अखिलेश को छोड़ कर वे किसी को भी ठोकते रहते। बहुत मनौना करने पर एक दिन अखिलेश ने राज खोला । उसके घर के गेट के अंदर पेड़ पर शहद से लबालब भरा बहुत बड़ा मधुमक्खी का छत्ता था।

शायद सबसे लोकप्रिय शिक्षक अयोध्या सर ही थे. वे गेम टीचर थे. खेल के मैदान के उत्तर-पूर्व कोने में उनका क्वाटर था. उसी घर के प्रांगण में वार्षिक सरस्वती पूजा हुआ करती थी. उस दिन भोज भी हुआ करता था. भोज मात्र स्कूल के शिक्षकों, छात्रों और स्टाफ तक ही सीमित नहीं था, कोई भी सम्मलित हो सकता था. एक शाम अयोध्या सर ने हमलोगों को कदम कुआँ के कांग्रेस मैदान में फुटबाल खेलते देख लिया. फूटबाल के लिए हमलोग रबर के बड़े बाल का प्रयोग कर रहे थे. दूसरे दिन मुझसे मेरा नाम रजिस्टर में दर्ज कर एक नया फुटबाल खेलने के लिए दिया. अयोध्या सर सभी बड़े खेलों में रेफरी बनते थे. सभी स्कूल उनके निर्णय का आदर करते थे.

इंटरनेट पर बहुत सर्फिंग के बाद यह कड़वा सच सामने आ ही गया। अंग्रेजों ने बाकरगंज, पटना में अंग्रेज़ सैनिकों के लिए एक पागलखाना बनाया था। उस परिसर में बाद में  1857 के आसपास पटना कालेजियट स्कूल लाया गया।
नोट :- वस्तुतः पटना कॉलेजिएट परिसर उन अंग्रेज सैनिकों के लिए था जो युद्ध की विभीषिका को नहीं झेल पाते थे और अवसाद से ग्रसित हो जाते थे. ज्यादा जानकारी के लिए  पागलखाना(Patna : A Paradise Lost)  क्लिक करें.